मधेपुरा में शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बड़े भाई ने सो रहे छोटे भाई को गोली मारी, फिर खुद भी कर ली आत्महत्या

मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा जिले के आलमनगर नगर पंचायत में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। छोटे भाई की शादी की तैयारियों के बीच बड़े भाई ने पहले सो रहे छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

यह घटना आलमनगर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-14 की है। मृतकों की पहचान किराना व्यवसायी नवल किशोर भगत के बड़े बेटे पंकज कुमार (35) और छोटे बेटे छोटू कुमार (28) के रूप में हुई है।

सोते समय भाई को मारी गोली

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों भाई एक ही कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान पंकज कुमार ने देसी कट्टे से छोटे भाई छोटू कुमार की कनपटी में गोली मार दी। गोली लगते ही छोटू की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पंकज ने उसी हथियार से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

8 जुलाई को होनी थी शादी

परिजनों के अनुसार छोटू कुमार की शादी 8 जुलाई को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और 28 जून को तिलक-फलदान का कार्यक्रम भी संपन्न हो चुका था। शादी से ठीक पहले हुई इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

मौके से देसी कट्टा बरामद

आलमनगर थाना पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना एक देसी कट्टा बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए।

पिता ने क्या बताया?

मृतकों के पिता नवल किशोर भगत ने पुलिस को बताया कि रात में उन्होंने बड़े बेटे पंकज को आंगन में टहलते देखा था। बाद में वह शौच के लिए चले गए। इसी दौरान दो बार आवाज सुनाई दी, लेकिन उन्होंने इसे शादी के मौसम में पटाखे फूटने की आवाज समझकर ध्यान नहीं दिया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।

व्यवहार में आया था बदलाव

ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, पंकज कुमार का व्यवहार पिछले कुछ समय से बदला हुआ था। वह अक्सर घर में विवाद करता था। परिवार ने बताया कि पंकज शादी के लिए तैयार नहीं था, जिसके बाद छोटे भाई छोटू की शादी तय कर दी गई थी।

परिजनों ने यह भी बताया कि वर्ष 2008 में दोनों भाइयों की मां का निधन हो गया था। घटना से पहले पंकज ने अपनी दिवंगत मां और दोनों भाइयों की तस्वीर के सामने दीपक भी जलाया था। हालांकि उसने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ अविनाश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में चोरी से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, लोदीपुर टोल प्लाजा के पास पकड़ा गया कथित चोर

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक मोड़, चाकूबाजी में महिला समेत दो लोग घायल

    Share Add as a preferred…