रोहतास में 300 साल पुरानी अष्टधातु की मूर्तियां चोरी: 10 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, ग्रामीणों ने महापंचायत बुलाकर दिया अल्टीमेटम

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में 300 वर्ष पुरानी अष्टधातु की भगवान राम और श्रीकृष्ण की प्राचीन मूर्तियों की चोरी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। दरिहट थाना क्षेत्र के बेरकप गांव स्थित ऐतिहासिक ठाकुरबाड़ी मंदिर से बेशकीमती मूर्तियां चोरी होने के 10 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस न तो मूर्तियों को बरामद कर सकी है और न ही चोरों तक पहुंच पाई है। इससे नाराज ग्रामीणों ने गांव में विशाल महापंचायत आयोजित कर पुलिस प्रशासन को कार्रवाई के लिए खुला अल्टीमेटम दे दिया।

20 जून की रात हुई थी ऐतिहासिक मूर्तियों की चोरी

ग्रामीणों के अनुसार, 20 जून की रात अज्ञात चोरों ने ठाकुरबाड़ी मंदिर का ताला तोड़कर भगवान राम, माता सीता और श्रीकृष्ण की लगभग 300 वर्ष पुरानी अष्टधातु की मूर्तियां चुरा ली थीं। अगले दिन जब श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो चोरी की घटना का खुलासा हुआ।

खोजबीन के दौरान गांव के बधार से माता सीता की प्रतिमा लावारिस हालत में बरामद हुई, लेकिन भगवान राम और श्रीकृष्ण की मूर्तियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, महापंचायत में पुलिस को चेतावनी

पुलिस की धीमी कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने महापंचायत बुलाकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। बैठक में आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि चोरी गई मूर्तियां केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि गांव की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं। यदि जल्द बरामदगी नहीं हुई तो बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

“ठाकुरबाड़ी से भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की मूर्तियां चोरी हुए 10 दिन से अधिक हो चुके हैं। पुलिस अब तक निष्क्रिय बनी हुई है। न चोर पकड़े गए और न ही मूर्तियां बरामद हुई हैं।”
– रौशन कुमार, ग्रामीण

300 साल पुरानी धरोहर बचाने की मांग

ग्रामीण सूर्यनाथ सिंह ने कहा कि ठाकुरबाड़ी की प्राचीन मूर्तियों के दर्शन के लिए आसपास के कई गांवों से श्रद्धालु आते हैं। ऐसी ऐतिहासिक धरोहर की चोरी पूरे क्षेत्र की आस्था पर हमला है और इसकी हर हाल में बरामदगी होनी चाहिए।

थानाध्यक्ष ने मांगे पांच दिन

महापंचायत में पहुंचे दरिहट थानाध्यक्ष रवि रंजन प्रियदर्शी ने ग्रामीणों से चार से पांच दिन का समय मांगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

“घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने जांच की है। कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। तकनीकी आधार पर जांच जारी है और जल्द ही चोरी गई मूर्तियों की बरामदगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।”
– रवि रंजन प्रियदर्शी, थानाध्यक्ष, दरिहट थाना

सीएम तक पहुंचेगा मामला

महापंचायत में ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि यदि तय समय के भीतर भगवान राम और श्रीकृष्ण की प्राचीन मूर्तियां बरामद नहीं हुईं तो वे पुलिस अधीक्षक, डीआईजी और राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मूर्तियों की बरामदगी सुनिश्चित कराने की मांग करेंगे।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में चोरी से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, लोदीपुर टोल प्लाजा के पास पकड़ा गया कथित चोर

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक मोड़, चाकूबाजी में महिला समेत दो लोग घायल

    Share Add as a preferred…