BSSC अभ्यर्थियों का सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम: परीक्षा तिथि घोषित नहीं हुई और संविदा वेटेज नहीं हटा तो बिहार में होगा महाआंदोलन

पटना: बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) की लंबित भर्तियों को लेकर एक बार फिर छात्र आंदोलन की आहट तेज हो गई है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने BSSC और राज्य सरकार को 10 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि के भीतर द्वितीय इंटर स्तरीय भर्ती परीक्षा और BSSC CGL-4 की परीक्षा तिथियों की घोषणा नहीं की गई तथा हाल ही में लागू संविदा वेटेज के नियम को वापस नहीं लिया गया, तो पूरे बिहार में बड़े पैमाने पर छात्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

‘दो-दो साल से परीक्षा का इंतजार, आयोग आखिर क्यों चुप?’

दिलीप कुमार ने कहा कि सितंबर 2023 में बीएसएससी द्वितीय इंटर स्तरीय भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया था, लेकिन आज तक परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की गई। वहीं BSSC CGL-4 का विज्ञापन आए करीब 10 महीने बीत चुके हैं, बावजूद इसके आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा की तिथि तक घोषित नहीं की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती का विज्ञापन निकालने के बाद वर्षों तक परीक्षा नहीं कराना लाखों युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है।

संविदा वेटेज पर भी उठाए सवाल

छात्र नेता ने सरकार के संविदा वेटेज नियम का भी विरोध किया। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से नई भर्ती की पारदर्शिता प्रभावित होगी और पहले से संविदा पर कार्यरत उम्मीदवारों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था मेधावी और नए अभ्यर्थियों के अवसर कम कर देगी तथा इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग

दिलीप कुमार ने बताया कि वह स्वास्थ्य उपचार के लिए दिल्ली में थे, लेकिन इस दौरान बिहार के हजारों अभ्यर्थियों ने उनसे लगातार संपर्क कर भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी पर चिंता जताई।

उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मांग की कि वे स्वयं इस मामले में हस्तक्षेप करें, BSSC को जल्द परीक्षा तिथियां घोषित करने का निर्देश दें और संविदा वेटेज के फैसले पर पुनर्विचार कराएं।

10 दिन बाद आंदोलन की चेतावनी

दिलीप कुमार ने कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर सरकार और आयोग की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो राज्यभर के अभ्यर्थी सड़कों पर उतरकर महाआंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और आयोग की होगी।

  • ये भी पढ़े..

    WJAI बिहार प्रदेश कार्यकारिणी का गठन, अक्षय आनंद बने प्रदेश अध्यक्ष, सागर कुमार को महासचिव की जिम्मेदारी

    Share Add as a preferred…

    भारत तिवारी एनकाउंटर के विरोध में मोकामा में फूटा युवाओं का आक्रोश, कैंडल मार्च में गूंजे न्याय के नारे

    Share Add as a preferred…