छपरा में अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के गवाह की गोली मारकर हत्या, भाई गंभीर; एसआईटी गठित

बिहार के सारण (छपरा) जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के महत्वपूर्ण गवाह पंकज कुमार राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके छोटे भाई मनीष कुमार राय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

शादी समारोह से लौटते समय हमला

जानकारी के अनुसार, मेथवलिया गांव निवासी 35 वर्षीय पंकज कुमार राय अपने छोटे भाई मनीष कुमार राय के साथ एक रिश्तेदार की शादी से लौट रहे थे। इसी दौरान मेथवलिया चौक के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

हमले में पंकज कुमार राय के सिर में गोली लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मनीष कुमार राय के कान के पास गोली लगी और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर किया गया है।

परिजनों का पुलिस पर गंभीर आरोप

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर मेथवलिया चौक पर करीब दो घंटे तक जाम लगाया।

परिजनों का आरोप है कि पंकज कुमार राय को पहले से जान का खतरा था और उन्होंने कई बार पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

पुराने डबल मर्डर केस से जुड़ रहा मामला

परिवार का आरोप है कि यह हत्या वर्ष 2024 में हुए अधिवक्ता राम अयोध्या राय और उनके पुत्र सुनील कुमार राय की हत्या के मामले से जुड़ी हुई है। पंकज कुमार राय उस चर्चित डबल मर्डर केस के अहम गवाह थे।

पुलिस भी इस एंगल से जांच कर रही है कि कहीं गवाही देने के कारण ही उन्हें निशाना तो नहीं बनाया गया।

एसआईटी गठित, कई लोगों से पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी रामपुकार सिंह सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

एएसपी रामपुकार सिंह ने बताया,

“पंकज कुमार राय की गोली मारकर हत्या की गई है। उनके भाई का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।”

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    दिल्ली में सम्राट चौधरी का मिशन ‘बिहार इंफ्रास्ट्रक्चर’! नितिन गडकरी से करेंगे मुलाकात, 15 हजार करोड़ की सड़क-पुल परियोजनाओं पर होगी बड़ी चर्चा

    Share Add as a preferred…

    सारण के DPO पर आय से अधिक संपत्ति का शिकंजा! 27 लाख की सैलरी, खातों में 2.51 करोड़ का लेन-देन; जांच रिपोर्ट मुख्यालय भेजी गई

    Share Add as a preferred…