खेत में मिला किसान का शव, वज्रपात की अफवाह निकली झूठी; बेटी बोली- जमीन विवाद में हुई हत्या

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले के संझौली थाना क्षेत्र के खैरा भुतहा गांव में किसान महेंद्र नट की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। शनिवार सुबह उनका शव खेत में मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। शुरुआती तौर पर वज्रपात से मौत की चर्चा हुई, लेकिन पुलिस जांच में यह दावा गलत साबित हुआ। अब मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

वज्रपात से मौत की बात पुलिस ने नकारी

घटना के बाद गांव में बिजली गिरने से मौत की चर्चा फैल गई थी। लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की जांच के दौरान शरीर पर वज्रपात से होने वाले किसी भी तरह के झुलसने या जलने के निशान नहीं पाए। इसके बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।

बेटी ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक की बेटी खुशबू कुमारी ने गांव के ही प्रमोद यादव समेत कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और कई बार इसकी शिकायत पुलिस से भी की गई थी।

खुशबू ने आरोप लगाया कि पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलने के कारण उनके पिता की हत्या कर दी गई। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

एसडीपीओ ने कहा- हर पहलू की होगी जांच

घटना की जानकारी मिलते ही बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा। यदि हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एफएसएल टीम जुटा रही वैज्ञानिक साक्ष्य

पुलिस ने घटनास्थल से खून के निशान, पैरों के निशान और अन्य अहम साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया है। अधिकारियों का मानना है कि वैज्ञानिक जांच से मामले की गुत्थी सुलझाने में मदद मिलेगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

महेंद्र नट के शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और परिजनों ने प्रशासन से जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी मामले में नया मोड़, न्याय की मांग करने वाले सिपाही आशीष तिवारी सस्पेंड

    Share Add as a preferred…

    भरत तिवारी एनकाउंटर मामला गरमाया, परिजनों ने लगाया धमकी और केस वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप

    Share Add as a preferred…