
पटना: बिहार के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिजली विभाग ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। नेटवर्क और सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन के कारण 27 जून रात 8:00 बजे से 28 जून रात 8:00 बजे तक पूरे 24 घंटे के लिए बिजली विभाग की सभी ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। विभाग ने विशेष रूप से स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं से समय रहते रिचार्ज कराने और जरूरी ऑनलाइन कार्य पहले ही पूरा करने की अपील की है।
मेंटेनेंस के दौरान ऑनलाइन बिल भुगतान, स्मार्ट प्रीपेड मीटर रिचार्ज, नया बिजली कनेक्शन, लोड बढ़ाने या घटाने, नाम परिवर्तन, बिल सुधार समेत सभी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। इस अवधि में किसी भी प्रकार का ऑनलाइन आवेदन भी स्वीकार नहीं किया जाएगा।
हालांकि बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि मेंटेनेंस के दौरान किसी स्मार्ट प्रीपेड मीटर का बैलेंस समाप्त हो जाता है, तब भी उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति नहीं काटी जाएगी और सप्लाई सामान्य रूप से जारी रहेगी।
बिजली कंपनियों के अनुसार, नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) अपने नेटवर्क और सॉफ्टवेयर को अपग्रेड कर रही हैं। इसका उद्देश्य भविष्य में उपभोक्ताओं को अधिक तेज, सुरक्षित और आधुनिक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है।
विभाग ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मेंटेनेंस शुरू होने से पहले अपने मीटर में पर्याप्त बैलेंस सुनिश्चित कर लें। सेवा बंद रहने के दौरान रिचार्ज संभव नहीं होगा, जिससे बाद में असुविधा हो सकती है।
इस बीच, भीषण गर्मी और बढ़ते बिजली लोड के कारण कई इलाकों में ट्रांसफॉर्मर के फ्यूज उड़ने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें भी बढ़ी हैं। विभाग का कहना है कि पीक ऑवर में शिकायतों की संख्या बढ़ने से कॉल सेंटर पर दबाव रहता है, लेकिन शिकायत निवारण व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
ऊर्जा विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि बिल भुगतान, स्मार्ट मीटर रिचार्ज और अन्य आवश्यक ऑनलाइन कार्य निर्धारित समय से पहले ही पूरा कर लें, ताकि मेंटेनेंस के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


