
पटना: राजधानी पटना के दानापुर इलाके में पूर्व पार्षद रेणु देवी के घर पर बेखौफ बदमाशों ने फायरिंग, पथराव और तोड़फोड़ कर दहशत फैला दी। पीड़िता का आरोप है कि रंगदारी नहीं देने और कोर्ट में गवाही देने से रोकने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है।
घटना सगुना बुढ़िया कुआं स्थित वार्ड संख्या-12 की है। पूर्व पार्षद रेणु देवी ने स्थानीय थाने में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी शराब के नशे में उनके घर पहुंचे, गाली-गलौज की और विरोध करने पर घर पर पथराव के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने कोर्ट में चल रहे एक मामले में गवाही नहीं देने का दबाव बनाया और पूरे परिवार को जान से मारने तथा उनकी बेटी के अपहरण की धमकी दी। शिकायत में पप्पू यादव, पंचम यादव, विक्की यादव और अंकित को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड उपेंद्र रचिता को बताया गया है।
रेणु देवी का कहना है कि आरोपियों ने पहले भी रंगदारी को लेकर उन्हें निशाना बनाया था। उनके अनुसार इसी कारण उनका स्कूल बंद हो गया और परिवार को पिछले डेढ़ वर्ष से घर छोड़कर बाहर रहना पड़ा। अब दोबारा हमले और लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार दहशत में है और उनके पति घर से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।
पूर्व पार्षद ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बदमाशों ने उनके घर पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति कोर्ट में एक मामले के मुख्य गवाह हैं और उसी गवाही को प्रभावित करने के उद्देश्य से पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की पूरी तस्वीर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
दानापुर थानाध्यक्ष पी.के. भारद्वाज ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


