जहानाबाद में बड़ा हादसा: ड्यूटी के दौरान सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली, STF जवान की दर्दनाक मौत

जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। घोसी थाना क्षेत्र के चीरी गांव में ड्यूटी के दौरान सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चलने से स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के एक जवान की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक जवान की पहचान 30 वर्षीय धीरज कुमार के रूप में हुई है। वह नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के निवासी थे और वर्तमान में एसटीएफ में तैनात थे। बताया जा रहा है कि मुहर्रम पर्व को लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए उनकी टीम घोसी-हुलासगंज मार्ग के ग्रामीण इलाके में गश्त कर रही थी।

इसी दौरान कमर में रखे सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई, जो धीरज कुमार को जा लगी। साथी जवान उन्हें तुरंत इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही घोसी एसडीपीओ-2 कृति कमल मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटनावश गोली चलने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस लाइन में दिवंगत जवान को राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

धीरज कुमार की असामयिक मौत से उनके परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस विभाग ने घटना की विस्तृत जांच कराने और शोक संतप्त परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में 90 अंचल अधिकारियों का बड़ा तबादला, बिना ट्रांजिट लीव तुरंत ज्वाइन करने का आदेश

    Share Add as a preferred…

    गया सेंट्रल जेल में बड़ी कार्रवाई, डिप्टी सुपरिटेंडेंट सस्पेंड; अपराधियों से सांठगांठ और गंभीर लापरवाही के आरोप

    Share Add as a preferred…