समस्तीपुर में चोरी की स्कॉर्पियो पर मिला विधायक की गाड़ी का नंबर, पुलिस भी रह गई हैरान

समस्तीपुर: जिले में पुलिस ने चोरी की एक स्कॉर्पियो के साथ दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान ऐसा खुलासा हुआ जिसने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया। बरामद वाहन पर विभूतिपुर के विधायक अजय कुमार की गाड़ी का नंबर प्लेट लगा हुआ था।

मुफ्फसिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास चोरी की स्कॉर्पियो का नंबर प्लेट बदला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन के साथ दो युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दोनों वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

थाने में जांच के दौरान वाहन पर लगा नंबर BR-01PM-0351 विभूतिपुर विधायक अजय कुमार की स्कॉर्पियो का निकला। इसके बाद पुलिस को संदेह हुआ और वाहन के चेसिस नंबर की जांच की गई। जांच में पता चला कि स्कॉर्पियो का वास्तविक नंबर BR-03AJ-6348 है और यह भोजपुर जिले से कुछ महीने पहले चोरी हुई थी। इस संबंध में आरा में प्राथमिकी भी दर्ज है।

पुलिस के अनुसार चोरी की गाड़ी पर विधायक की स्कॉर्पियो का जाली नंबर प्लेट लगाकर उसे इस्तेमाल किया जा रहा था। वाहन के वास्तविक मालिक से संपर्क करने पर गाड़ी चोरी होने की पुष्टि हुई।

मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि चोरी की गाड़ी पर विधायक के वाहन का नंबर प्लेट कैसे लगाया गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

वहीं विधायक अजय कुमार ने बताया कि उनकी स्कॉर्पियो फिलहाल बिक्री के लिए महिंद्रा एजेंसी में खड़ी है और उसका नंबर प्लेट भी सुरक्षित है। उन्होंने पुलिस से यह जांच कराने की मांग की है कि एचएसआरपी नंबर प्लेट की डुप्लीकेट कॉपी बनाकर चोरी के वाहनों में कैसे इस्तेमाल की जा रही है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जाली नंबर प्लेट तैयार करने और चोरी की गाड़ियों को खपाने के पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।

  • ये भी पढ़े..

    खेत में मिला शिक्षक का शव, इलाके में सनसनी; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

    Share Add as a preferred…

    ‘यह एनकाउंटर नहीं, हत्या है’: भरत भूषण तिवारी मामले में माले सांसद सुदामा प्रसाद ने उठाए गंभीर सवाल, न्यायिक जांच की मांग

    Share Add as a preferred…