किशनगंज में महानंदा नदी का कहर, पुल निर्माण सामग्री बही; 25 लाख से अधिक नुकसान की आशंका

किशनगंज: पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद किशनगंज जिले में महानंदा सहित कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। महानंदा नदी के उफान का सबसे बड़ा असर किशनगंज-ठाकुरगंज सड़क मार्ग पर तैयबपुर-खड़ना के बीच निर्माणाधीन नए आरसीसी पुल परियोजना पर देखने को मिला है।

तेज बहाव के कारण पुल निर्माण स्थल पर रखे लोहे के पाइप, सेंटरिंग सामग्री, सरिया, तख्ते और अन्य उपकरण नदी की धारा में बह गए। अचानक बढ़े जलस्तर से निर्माण कार्य प्रभावित हो गया है और निर्माण एजेंसी को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

पुल निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि राजीव कुमार ने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ने से निर्माण सामग्री को नुकसान पहुंचा है, लेकिन निर्माणाधीन पुल की मुख्य संरचना सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि जलस्तर सामान्य होने के बाद निर्माण कार्य दोबारा गति से शुरू किया जाएगा।

यह पुल किशनगंज-तैयबपुर-ठाकुरगंज-गलगलिया (KTTG) सड़क मार्ग पर 111 वर्ष पुराने ऐतिहासिक महानंदा पुल के स्थान पर बनाया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को 61 करोड़ 81 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है और इसका निर्माण पुल निर्माण निगम विभाग, कटिहार की देखरेख में किया जा रहा है।

विभागीय जानकार बीरेन दुबे के अनुसार बढ़े जलस्तर के कारण निर्माण एजेंसी को 25 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि सेंटरिंग हटाने का समय करीब आ चुका था, लेकिन अचानक नदी में पानी बढ़ जाने से सामग्री को सुरक्षित नहीं किया जा सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य की प्रगति संतोषजनक थी और नया पुल बनने से वर्षों पुरानी जाम और आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। पुल तैयार होने के बाद सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।

गौरतलब है कि पोठिया प्रखंड क्षेत्र में वर्तमान में डोंक नदी, महानंदा नदी और अन्य स्थानों पर कई महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण कार्य जारी है। मानसून की शुरुआत के साथ बढ़ता जलस्तर निर्माण एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

  • ये भी पढ़े..

    खेत में मिला शिक्षक का शव, इलाके में सनसनी; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

    Share Add as a preferred…

    ‘यह एनकाउंटर नहीं, हत्या है’: भरत भूषण तिवारी मामले में माले सांसद सुदामा प्रसाद ने उठाए गंभीर सवाल, न्यायिक जांच की मांग

    Share Add as a preferred…