
मुजफ्फरपुर: जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र स्थित राघोपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने घर पर चढ़कर 36 वर्षीय अजीत कुमार को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के अनुसार परिवार में लंबे समय से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि शनिवार को अंचल कार्यालय में सुनवाई प्रस्तावित थी, इसी बीच देर रात आधा दर्जन से अधिक लोग हथियार लेकर पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में अजीत कुमार के सीने और हाथ में गोली लगी।
घायल अजीत कुमार ने बताया कि वर्ष 2019 में उनके बड़े भाई अखिलेश राय की हत्या हुई थी और वह उस मामले के मुख्य गवाह हैं। उनका आरोप है कि जमीन विवाद के साथ-साथ पुराने हत्या मामले को लेकर भी लगातार दबाव और धमकियां दी जा रही थीं।
वहीं, घायल की पत्नी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके और बच्चों के सामने अजीत कुमार को गोली मारी। उन्होंने कहा कि बदमाश हत्या की नीयत से आए थे और घटना के बाद परिवार किसी तरह जान बचाकर वहां से निकला।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पूर्वी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अलय वत्स ने बताया कि घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए गए हैं तथा एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उधर, घायल का इलाज कर रहे डॉक्टर अमृतांशु प्रांजल ने बताया कि मरीज को कई गोलियां लगने की आशंका है। एक गोली हाथ में फंसी हुई है, जिससे हाथ की हड्डी टूट गई है। फिलहाल ऑपरेशन किया जा रहा है और अन्य चोटों की स्थिति सिटी स्कैन रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।


