
किशनगंज: सोशल मीडिया और एक न्यूज चैनल पर प्रसारित जर्जर स्वास्थ्य उपकेंद्र की खबर के बाद जिला प्रशासन ने मामले में अपना पक्ष स्पष्ट किया है। प्रशासन के अनुसार ठाकुरगंज प्रखंड के भोगडाबर पंचायत स्थित ग्वालटोली गांव का स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन काफी समय से जर्जर और खंडहर स्थिति में है, इसलिए वहां स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन नहीं किया जा रहा है।
ठाकुरगंज के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि ग्वालटोली स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र भवन के अनुपयोगी हो जाने के कारण भोगडाबर पंचायत की स्वास्थ्य सेवाएं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर नूनियाटारी तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भोगडाबर से संचालित की जा रही हैं।
प्रशासन के मुताबिक ये दोनों स्वास्थ्य केंद्र जर्जर भवन से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं और वहां नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आम लोगों को उपचार, जांच, टीकाकरण और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं इन केंद्रों पर मिल रही हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर दिखाए जा रहे जर्जर भवन में वर्तमान में कोई स्वास्थ्य सेवा संचालित नहीं होती है। स्वास्थ्य विभाग की सभी गतिविधियां वैकल्पिक केंद्रों से सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं ताकि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी के लिए अधिकृत स्रोतों पर भरोसा करें।


