राजगीर मलमास मेला घूमकर लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, ट्रक-ऑटो की जोरदार टक्कर में बच्ची समेत 3 की मौत, एक दर्जन घायल

बिहार के नालंदा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। छबिलापुर थाना क्षेत्र के साइडपर स्थित के.के. पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास ट्रक और सीएनजी ऑटो की आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक छह वर्षीय बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान गया जिले के चाकंद थाना क्षेत्र के गन्नू बिगहा निवासी राज किशोर रविदास की छह वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी, बसंत रविदास की 60 वर्षीय पत्नी रानी देवी तथा नालंदा जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के कोचरा गांव निवासी विजय रविदास के 25 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, एक ही परिवार और रिश्तेदारी के करीब 15 लोग सीएनजी ऑटो से राजगीर के मलमास मेले में घूमने गए थे। रविवार सुबह मेला देखकर सभी अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में पूजा कुमारी, अंकुश कुमार, राज किशोर रविदास, गौरी कुमारी, चंद्रमुखी कुमारी, चांदो कुमारी, झंमुन्नी देवी, काजल कुमारी, रॉकी कुमार और बैजनाथ रविदास समेत कई लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन वर्षीय अंकुश कुमार, 32 वर्षीय पूजा कुमारी और सात वर्षीय चांदो कुमारी की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए विम्स पावापुरी रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसके कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

छबिलापुर थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

छबिलापुर थाना के एसआई मिथलेश कुमार ने बताया कि राजगीर से लौट रहे लोगों के ऑटो और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

  • ये भी पढ़े..

    विक्रमशिला पुल पर मालवाहक वाहनों के वायरल वीडियो में जांच के बाद पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

    Share Add as a preferred…

    खेलते समय मासूम पर कुत्ते का हमला, हाथ में कई जगह गहरे जख्म, अस्पताल में कराया गया इलाज

    Share Add as a preferred…