पाटलिपुत्र कांड के बाद रेलवे अलर्ट! मुजफ्फरपुर जंक्शन पर हाई सिक्योरिटी, परीक्षार्थियों के लिए चलीं 2 स्पेशल ट्रेनें

पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर मद्य निषेध भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों द्वारा किए गए हंगामे के बाद रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसका असर मुजफ्फरपुर जंक्शन पर साफ दिखाई दिया, जहां परीक्षा देकर लौट रहे हजारों अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से मजबूत किया गया।

रविवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में परीक्षार्थी मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंचे। संभावित अव्यवस्था को रोकने के लिए रेल पुलिस, जिला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष तैनाती की गई। भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने दो परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया।

स्टेशन परिसर में लगातार माइकिंग कर अभ्यर्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। रेलवे कर्मी स्वयं प्लेटफॉर्म पर मौजूद रहकर यात्रियों की सहायता करते नजर आए। भारी भीड़ के बावजूद पूरे स्टेशन पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, स्टेशन पर 100 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था की कमान टाउन डीएसपी सुरेश कुमार और रेल एसपी बीना कुमारी ने संभाल रखी थी। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्टेशन परिसर का निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते रहे।

रेल एसपी बीना कुमारी ने बताया कि पाटलिपुत्र स्टेशन पर हुई घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पहले से व्यापक तैयारी की गई थी। परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई, जिसके कारण भीड़ के बावजूद व्यवस्था सुचारु बनी रही।

वहीं परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य से मध्यम था, हालांकि बायोलॉजी सेक्शन के कुछ प्रश्न अपेक्षा से कठिन और सिलेबस से बाहर महसूस हुए। इसके बावजूद अधिकांश छात्रों ने परीक्षा को संतोषजनक बताया और चयन को लेकर उम्मीद जताई।

  • ये भी पढ़े..

    विक्रमशिला पुल पर मालवाहक वाहनों के वायरल वीडियो में जांच के बाद पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

    Share Add as a preferred…

    खेलते समय मासूम पर कुत्ते का हमला, हाथ में कई जगह गहरे जख्म, अस्पताल में कराया गया इलाज

    Share Add as a preferred…