
पटना मेट्रो परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है। परियोजना के अगले चरण में चिड़ियाघर, विकास भवन और इनकम टैक्स गोलंबर के पास मेट्रो स्टेशनों का निर्माण शुरू किया जाएगा। इसके लिए बेली रोड के बड़े हिस्से को घेरने की तैयारी चल रही है, जिससे राजधानी की यातायात व्यवस्था पर असर पड़ने की संभावना है।
बेली रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था बदलने की तैयारी
संभावित ट्रैफिक दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस, मेट्रो अधिकारियों और ऑटो चालक संघ के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ट्रैफिक एसपी सतीश कुमार ने की।
बैठक में चिड़ियाघर, विकास भवन और इनकम टैक्स गोलंबर क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न रूट डायवर्जन प्रस्तावों पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी नई व्यवस्था से आम नागरिकों और वाहन चालकों को न्यूनतम परेशानी हो।
हालांकि अभी तक किसी भी ट्रैफिक डायवर्जन योजना को अंतिम मंजूरी नहीं दी गई है। जल्द ही विस्तृत योजना तैयार कर सार्वजनिक की जाएगी।
बैठक में कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम, पटना मेट्रो के प्रोजेक्ट मैनेजर, निर्माण एजेंसी एचसीसी (HCC) के प्रतिनिधि और ऑटो चालक संघ के सदस्य शामिल हुए। सभी पक्षों से सुझाव लेकर व्यवहारिक और प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने पर जोर दिया गया।
मेट्रो डिपो और स्टेशनों की सुरक्षा पर भी समीक्षा
इधर पटना मेट्रो डिपो परिसर और प्रस्तावित मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के अपर महानिदेशक नैयर हसनैन खान ने की।
बैठक में मेट्रो डिपो और स्टेशनों की सुरक्षा तैयारियों, सर्विलांस सिस्टम, एक्सेस कंट्रोल सिस्टम और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की विस्तृत समीक्षा की गई।
सुरक्षित और निर्बाध संचालन पर जोर
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेट्रो परियोजना के बढ़ते दायरे को देखते हुए सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने आधुनिक निगरानी प्रणाली और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत बनाने पर जोर दिया, ताकि भविष्य में मेट्रो सेवाओं का संचालन सुरक्षित और निर्बाध तरीके से किया जा सके।
पटना मेट्रो के निर्माण कार्य में तेजी के साथ अब राजधानी की यातायात व्यवस्था में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। आने वाले दिनों में बेली रोड और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू होने की संभावना है, जिसके लिए प्रशासन जल्द विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर सकता है।


