132 फीट का मोबाइल टॉवर और 15 KVA जेनरेटर गायब! बक्सर में ‘टॉवर चोरी’ से मचा हड़कंप, पुलिस भी रह गई हैरान

बक्सर: बिहार के बक्सर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने आम लोगों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन को भी हैरान कर दिया है। डुमरांव नगर क्षेत्र में वर्षों से खड़ा 132 फीट ऊंचा मोबाइल टॉवर और उसके साथ लगा 15 KVA का जेनरेटर रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। हैरानी की बात यह है कि इतना बड़ा ढांचा हट गया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

मरम्मत करने पहुंची कंपनी, मौके पर नहीं मिला टॉवर

मामला डुमरांव थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-18 का है। बंद पड़े मोबाइल टॉवर की मरम्मत के लिए जब जीटीएल कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। जहां कभी विशाल टॉवर खड़ा था, वहां सिर्फ खाली जगह बची थी।

कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि टॉवर के साथ-साथ वहां लगा 15 KVA जेनरेटर और अन्य तकनीकी उपकरण भी गायब मिले। इसके बाद कंपनी की ओर से डुमरांव थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की गई।

जमीन मालिक ने खोले कई राज

जिस जमीन पर टॉवर लगाया गया था, उसके मालिक हरेनाथ यादव ने बताया कि वर्ष 2010 में कंपनी के साथ 12 वर्षों का समझौता हुआ था, जिसकी अवधि 2022 में समाप्त हो गई थी।

उनका कहना है कि समझौता खत्म होने के बाद कंपनी की ओर से भुगतान नहीं किया गया, जिसके चलते उन्होंने कई बार नोटिस भी भेजा था। अब उन्हें जानकारी मिली है कि टॉवर और उससे जुड़े उपकरण ही वहां से गायब हो चुके हैं।

15-20 दिन पहले से नहीं दिख रहा था टॉवर

स्थानीय लोगों के अनुसार यह टॉवर करीब 15 वर्षों से इलाके में मौजूद था। पिछले कुछ दिनों से टॉवर दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन लोगों को लगा कि शायद कंपनी ने उसे हटाया होगा। अब चोरी की शिकायत सामने आने के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

पुलिस जांच में जुटी

बक्सर एसपी शुभम आर्य ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जमीन मालिक और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस अनोखी घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब 132 फीट ऊंचा मोबाइल टॉवर और भारी-भरकम जेनरेटर तक गायब हो सकता है, तो आम लोगों की संपत्ति कितनी सुरक्षित है, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि टॉवर वास्तव में चोरी हुआ है या किसी ने उसे व्यवस्थित तरीके से हटाया है? इस रहस्य से पर्दा अब पुलिस जांच के बाद ही उठ पाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    मालदा रेलवे अस्पताल में आध्यात्मिक सत्र का आयोजन, कर्मचारियों को सेवा, अनुशासन और सकारात्मक सोच का मिला संदेश

    Share Add as a preferred…

    वैशाली में जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़! फायरिंग में महिला को लगी गोली, तीन लोग घायल

    Share Add as a preferred…