BJP नेता को मिली जान से मारने की धमकी! 24 घंटे में हत्या की चेतावनी, फिरौती भी मांगी

पटना: बिहार में भाजपा नेता को जान से मारने की धमकी मिलने से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। पटना जिले के धनरूआ निवासी भाजपा नेता ओम प्रकाश यादव को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर 24 घंटे के भीतर हत्या करने की धमकी दी है। इतना ही नहीं, कॉल करने वाले ने खुद को एक कुख्यात आपराधिक गिरोह का सदस्य बताते हुए फिरौती की भी मांग की।

फोन पर दी हत्या की धमकी

ओम प्रकाश यादव के अनुसार, वह भाजपा कार्यालय से काम खत्म कर धनरूआ लौट रहे थे, तभी उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि यदि उन्होंने कुछ गतिविधियां बंद नहीं कीं तो उन्हें 24 घंटे के भीतर मौत के घाट उतार दिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि धमकी देने वाले ने बातचीत के दौरान बंगाल चुनाव में प्रचार का भी जिक्र किया और इसे ही धमकी का आधार बनाया।

“फोन करने वाले ने खुद को कुख्यात आपराधिक गिरोह का सदस्य बताया और 24 घंटे में जान से मारने की धमकी दी। साथ ही फिरौती की भी मांग की गई।”ओम प्रकाश यादव, भाजपा नेता

पुलिस को सौंपा कॉल रिकॉर्डिंग

धमकी मिलने के तुरंत बाद ओम प्रकाश यादव ने धनरूआ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है। इसके अलावा मामले की जानकारी पटना एसएसपी कार्यालय को भी दी गई है।

कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगाल रही पुलिस

धनरूआ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब कॉल करने वाले नंबर की लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और संभावित आपराधिक कनेक्शन की जांच कर रही है। साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है।

“आवेदन और रिकॉर्डिंग प्राप्त हुई है। जान से मारने की धमकी दी गई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।”अमित कुमार, थानाध्यक्ष, धनरूआ

पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले भी कई राजनीतिक नेताओं, कारोबारियों और चर्चित लोगों को कुख्यात गिरोहों के नाम पर धमकी भरे फोन आ चुके हैं। कई मामलों में यह रंगदारी और साइबर अपराध से जुड़ा पाया गया था।

सुरक्षा बढ़ाई गई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भाजपा नेता की सुरक्षा बढ़ा दी है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वाले की पहचान और उसके नेटवर्क का पता लगाने के लिए सभी तकनीकी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

फिलहाल इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और सभी की नजर पुलिस जांच के नतीजों पर टिकी हुई है।

  • ये भी पढ़े..

    वैशाली में जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़! फायरिंग में महिला को लगी गोली, तीन लोग घायल

    Share Add as a preferred…

    JDU की सबसे बड़ी बैठक 21 जून को: राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे नीतीश, क्या निशांत कुमार को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?

    Share Add as a preferred…