
पटना: बिहार में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है, लेकिन इसके साथ ही मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट भी जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र ने राज्य के सभी 38 जिलों में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की अपील की है।
12 से 15 जून के बीच बिहार में मानसून की दस्तक
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 12 से 15 जून के बीच बिहार में प्रवेश कर सकता है। मानसून के आगमन के साथ राज्यभर में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है। इस खबर से किसानों के बीच उत्साह का माहौल है।
वैशाली में झमाझम बारिश से मिली राहत
गुरुवार को वैशाली जिले में अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। कई दिनों से पड़ रही चिलचिलाती गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
किसानों के लिए वरदान साबित हो रही बारिश
स्थानीय किसानों का कहना है कि बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और सब्जियों समेत अन्य फसलों को फायदा मिलेगा। साथ ही सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा। किसानों को उम्मीद है कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह बारिश होती रही तो उत्पादन में बढ़ोतरी होगी।
कुछ इलाकों में बढ़ी परेशानी
बारिश के दौरान कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति बन गई। तेज हवा के कारण बिजली के तारों और पोलों में खराबी आने से कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
वैशाली समेत पूर्वी बिहार में ऑरेंज अलर्ट
पटना मौसम विभाग ने पूर्वी बिहार से लेकर वैशाली क्षेत्र तक अगले सात दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मध्यम से भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग की जरूरी सलाह
- खुले मैदान, पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों।
- वज्रपात के दौरान घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहें।
- किसान खराब मौसम के दौरान खेतों में जाने से बचें।
- तैयार फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें।
- मोबाइल पर मिलने वाले सरकारी मौसम अलर्ट और आपदा संदेशों का पालन करें।
मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले 48 से 72 घंटे बिहार के कई जिलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहेंगे। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।


