
पटना में चर्चित खान ग्लोबल स्टडीज विवाद मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद को फिलहाल अदालत से कोई राहत नहीं मिली है। उनकी नियमित जमानत याचिका पर गुरुवार को होने वाली सुनवाई टल गई। आवश्यक दस्तावेज समय पर अदालत में प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण मामले पर बहस शुरू नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत से स्थानांतरित होकर यह मामला एडीजे-33 की अदालत में पहुंचा था, जहां गुरुवार को सुनवाई प्रस्तावित थी। लेकिन बेल से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड और दस्तावेज अदालत तक समय पर नहीं पहुंचने के कारण सुनवाई स्थगित कर दी गई। अब अगली तारीख पर जमानत याचिका पर विस्तृत बहस होने की संभावना है।
गौरतलब है कि रौशन आनंद पर आरोप है कि उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में घुसकर सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की और उसे घायल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने रौशन आनंद, अभिषेक कुमार और गौरव कुमार को गिरफ्तार कर 3 जून को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
इधर, इसी विवाद से जुड़े दूसरे मामले में खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक खान सर उर्फ फैजल खान के सुरक्षा कर्मी प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह की नियमित जमानत याचिका पर भी अदालत में सुनवाई जारी है। उन पर हत्या के प्रयास और हथियार के कथित अवैध इस्तेमाल से संबंधित आरोप लगे हैं।
फिलहाल रौशन आनंद की जमानत पर फैसला टलने के बाद मामले की अगली सुनवाई पर सभी की नजरें टिक गई हैं। कोर्ट में दस्तावेज प्रस्तुत होने के बाद ही यह तय होगा कि उन्हें राहत मिलती है या नहीं।


