
गया: बिहार के गया जिले से शादी के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राजस्थान से बारात लेकर पहुंचे दूल्हे के अरमान उस समय टूट गए जब शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन विदाई से ठीक पहले रहस्यमय तरीके से फरार हो गई। इतना ही नहीं, दुल्हन के साथ उसके परिजन भी गायब हो गए और दूल्हा पक्ष द्वारा दिए गए लाखों रुपये के जेवर, नकदी और अन्य सामान भी साथ ले गए।
शादी हुई, लेकिन विदाई से पहले खेल हो गया!
मामला गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र का है, जहां एक बिचौलिए के जरिए राजस्थान के टोंक जिले के युवक की शादी स्थानीय युवती से तय कराई गई थी। सोमवार रात हिंदू रीति-रिवाज से शादी संपन्न हुई और मंगलवार सुबह विदाई की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान दुल्हन पक्ष ने कहा कि लड़की कपड़े बदलने गई है और थोड़ी देर में लौट आएगी। लेकिन 15 मिनट, आधा घंटा और फिर घंटों इंतजार के बाद भी न दुल्हन लौटी और न ही उसके परिजन दिखाई दिए।
जेवर, नकदी और शगुन के पैसे भी गायब
दूल्हा पक्ष का आरोप है कि उन्होंने दुल्हन को मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल समेत कई आभूषण और कपड़े दिए थे। इसके अलावा शादी से पहले दुल्हन पक्ष द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर 1 लाख 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी किए गए थे।
जब दूल्हा पक्ष को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन पूरा परिवार गायब मिला।
राजस्थान से दो गाड़ियों में आई थी बारात
पीड़ित परिवार के अनुसार वे राजस्थान से दो वाहनों में सवार होकर गया पहुंचे थे। शादी की सभी रस्में पूरी कराई गईं, जिससे किसी को शक नहीं हुआ। लेकिन विदाई के समय जो हुआ, उसने सभी को स्तब्ध कर दिया।
थाने पहुंचा मामला, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद दूल्हा पक्ष ने बेलागंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह सुनियोजित शादी ठगी का मामला है या फिर इसके पीछे कोई और कारण है।
बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गया में ‘लुटेरी दुल्हन’ की चर्चा तेज
इस घटना के बाद पूरे इलाके में “लुटेरी दुल्हन” की चर्चा शुरू हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर शादी के नाम पर इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे। वहीं दूल्हा पक्ष न्याय की गुहार लगा रहा है और अपने पैसे व जेवर वापस दिलाने की मांग कर रहा है।


