रील बनाते-बनाते चली गई जिंदगी! गंडक नहर में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

बेतिया/पश्चिम चंपारण: सोशल मीडिया के लिए रील बनाना पश्चिम चंपारण के दो युवकों को भारी पड़ गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अमवा मझार के समीप गंडक नहर में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार धर्म कुमार और करण कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ अमवा मझार स्थित गंडक नहर के किनारे घूमने गए थे। इसी दौरान सभी युवक मोबाइल फोन से वीडियो और रील बना रहे थे। बताया जा रहा है कि धर्म कुमार और करण कुमार नहर के किनारे खड़े होकर वीडियो शूट कर रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों गहरे पानी में जा गिरे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहर में गिरते ही दोनों युवक तेज बहाव की चपेट में आ गए। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज धारा के कारण सफलता नहीं मिल सकी। कुछ ही क्षणों में दोनों युवक पानी में लापता हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल ने कई घंटों तक नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए। शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। मामले की जांच जारी है।

वहीं मझौलिया के अंचलाधिकारी डॉ. राजीव रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया यह एक दुर्घटना प्रतीत होती है। प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर सोशल मीडिया के लिए जोखिम भरे स्थानों पर रील और वीडियो बनाने के बढ़ते चलन पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

  • ये भी पढ़े..

    बिजली गुल, बाहर सोना पड़ा महंगा; बिहार में ट्रैक्टर ने 7 लोगों को कुचला

    Share Add as a preferred…

    औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा: टूरिस्ट बस और ट्रक-ट्रेलर की टक्कर में 3 श्रद्धालुओं की मौत, 20 घायल

    Share Add as a preferred…