एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, ब्लैक कोबरा के डसने से चाचा-भतीजी की दो दिनों में मौत

पटना: राजधानी पटना के दानापुर अनुमंडल अंतर्गत शाहपुर थाना क्षेत्र के सरारी गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के दो सदस्यों की महज दो दिनों के भीतर सांप के डसने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों को ब्लैक कोबरा ने काटा था। घटना के बाद पूरे गांव में डर और मातम का माहौल है।

पहले चाचा की गई जान

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले गांव निवासी मुन्ना महतो को ब्लैक कोबरा ने डस लिया था। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों ने घर व आसपास के इलाके में सांप की काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।

मृतक के परिजन चंदन महतो ने बताया कि चाचा की मौत के बाद भी सांप का पता नहीं चल पाया था, जिससे परिवार पहले से ही भय और सदमे में था।

झाड़ू लेने गई थी आरती, कोबरा ने डस लिया

परिवार इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि दो दिन बाद एक और हादसा हो गया। मुन्ना महतो की 12 वर्षीय भतीजी आरती कुमारी घर में झाड़ू लेने गई थी। इसी दौरान बिल में छिपे ब्लैक कोबरा ने उसे डस लिया।

सांप के डसते ही आरती दर्द से चिल्लाने लगी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जहर का असर इतना तेज था कि इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

भाई ने सुनाई दर्दनाक आपबीती

मृतका के भाई रौशन कुमार ने बताया कि उसकी बहन झाड़ू लेने गई थी, तभी बिल में बैठे कोबरा ने उसे काट लिया।

उन्होंने कहा कि बहन ने जोर-जोर से आवाज लगाकर मदद मांगी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे और बिल को बंद करने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

गांव में दहशत का माहौल

एक ही परिवार में लगातार दो मौतों के बाद सरारी गांव में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने सपेरों को बुलाया। काफी मशक्कत के बाद सांप को पकड़ा गया और गांव से दूर छोड़ दिया गया।

ग्रामीण अब घरों के आसपास विशेष सतर्कता बरत रहे हैं और बच्चों को अकेले बाहर न जाने की सलाह दी जा रही है।

गर्मी और बरसात में बढ़ जाती है सांपों की सक्रियता

स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि गर्मी और बरसात के मौसम में सांपों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोगों को घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, झाड़ियों को हटाने और रात के समय टॉर्च का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है।

प्रशासन से उठी कार्रवाई की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में जागरूकता अभियान चलाने और सांपों के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

एक ही परिवार में दो दिनों के भीतर हुई दो मौतों ने पूरे सरारी गांव को गमगीन कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में हर किसी की जुबान पर इसी दर्दनाक हादसे की चर्चा है।

  • ये भी पढ़े..

    बांका में राजद संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी मिली, शेख जियाउल हसन ने जताया शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार

    Share Add as a preferred…

    कांग्रेस की संगठन सृजन बैठक में हंगामा, नेताओं के बीच मंच से ही हुई तीखी नोकझोंक

    Share Add as a preferred…