मधुबनी रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, जयनगर-उधना एक्सप्रेस के जनरल कोच में लगी भीषण आग

Madhubani रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब जयनगर-उधना एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22563) के एक जनरल कोच में अचानक भीषण आग लग गई। प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर खड़ी ट्रेन की बोगी देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि ट्रेन रखरखाव के लिए खड़ी थी और कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया गया कि ट्रेन पिछले दो दिनों से स्टेशन पर मेंटेनेंस के लिए खड़ी थी। गुरुवार सुबह अचानक जनरल कोच से काला धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।

स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

आग लगते ही स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बोगी पूरी तरह जल चुकी थी।

डीआरएम ने किया निरीक्षण

समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रेलवे सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जाएगी।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यह पहली बार नहीं है जब मधुबनी स्टेशन पर ट्रेन में आग लगी हो। इससे पहले भी शॉर्ट सर्किट के कारण स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में आग लगने की घटना सामने आ चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

  • ये भी पढ़े..

    नालंदा में सनसनी: दो दिन से लापता छात्रा का शव कुएं से बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

    Share Add as a preferred…

    बांकीपुर उपचुनाव में मनोज तिवारी का प्रशांत किशोर पर हमला: ‘पीड़ित परिवार के दर्द पर राजनीति करना शर्मनाक’

    Share Add as a preferred…