पटना में सुबह-सुबह एनकाउंटर: 27 लाख लूटकांड का मास्टरमाइंड पुलिस मुठभेड़ में घायल

पटना में बुधवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी अजय पासवान उर्फ बादल को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मसौढ़ी थाना क्षेत्र के चरमा मोड़ के पास “ऑपरेशन लंगड़ा” के तहत हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने हथियार और बाइक भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक घायल अपराधी की पहचान अजय पासवान के रूप में हुई है, जो मनेर के दरवेशपुर का रहने वाला है। उसे गोली लगने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने औरंगाबाद निवासी अजय यादव को भी गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

परिचय कुमार ने बताया कि अजय पासवान एक अंतरराज्यीय अपराधी है और बैंक डकैती, हत्या, रंगदारी तथा लूट की कई घटनाओं में शामिल रहा है। वह हाल ही में गोपालपुर थाना क्षेत्र में हुई 27 लाख रुपये की कैश वैन लूटकांड का भी मुख्य सरगना था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह मसौढ़ी इलाके में किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।

एसपी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी-2 कन्हैया कुमार और मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती के नेतृत्व में छापेमारी की गई। चरमा मोड़ के पास बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई, तभी अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें अजय पासवान घायल हो गया।

पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल, देसी कट्टा और एक बाइक बरामद की है। बताया जा रहा है कि आरोपी पर 8 बैंक डकैती, हत्या, रंगदारी और कई गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं तथा पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

गौरतलब है कि 13 मई को गोपालपुर में CMS कंपनी की कैश वैन से 27 लाख रुपये की लूट हुई थी। इस मामले में पहले भी पुलिस ने आरोपी नीतीश कुमार को एनकाउंटर में घायल कर गिरफ्तार किया था। पुलिस लगातार इस पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही है।

  • ये भी पढ़े..

    श्रावणी मेला 2026 की तैयारी तेज: भागलपुर शहर से होकर नहीं गुजरेंगे कांवरिया, मुख्यमंत्री ने दिए सुरक्षा और सुविधा बढ़ाने के निर्देश

    Share Add as a preferred…

    बिहार में सरकारी शिक्षकों पर सख्ती, कोचिंग और निजी ट्यूशन में पढ़ाने पर तत्काल प्रभाव से लगा प्रतिबंध

    Share Add as a preferred…