खगड़िया में देर रात एनकाउंटर: मोस्ट वांटेड बुद्दीन मियां पुलिस मुठभेड़ में घायल, हथियार बरामद

खगड़िया में सोमवार देर रात पुलिस और मोस्ट वांटेड अपराधी बुद्दीन मियां के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। बेलदौर थाना क्षेत्र के सुखायबासा गांव में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने कुख्यात अपराधी बुद्दीन मियां को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान करीब 10 राउंड फायरिंग हुई।

गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ, डीआईयू और बेलदौर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रात करीब 2 बजे छापेमारी की। पुलिस टीम ने जब बुद्दीन मियां को घेरकर बाहर आने के लिए कहा, तो उसने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक राइफल, दो देसी कट्टा और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। घायल अपराधी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार बुद्दीन मियां पर बेलदौर, पसराहा समेत कई थानों में हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के 14 से अधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से वह पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और एसटीएफ की टीम कई बार उसे पकड़ने का प्रयास कर चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही राकेश कुमार, सदर एसडीपीओ, गोगरी एसडीपीओ और एसएफएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की गई। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

राकेश कुमार ने बताया, “गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की थी। उसे घर से बाहर निकलने के लिए आवाज दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और फिलहाल इलाजरत है।”

बुद्दीन मियां लंबे समय से इलाके में दहशत का पर्याय बना हुआ था। हत्या और लूट की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल था। उसकी गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

  • ये भी पढ़े..

    बीड़ी और खनन श्रमिकों के बच्चों के लिए बड़ी राहत, केंद्र सरकार दे रही 1,000 से 25,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति

    Share Add as a preferred…

    पीएम सूर्य घर योजना में बिहार का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, सरकारी भवनों के सौर ऊर्जाकरण के लिए मिला प्रतिष्ठित सम्मान

    Share Add as a preferred…