
बिहार की राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बेऊर थाना क्षेत्र के सिपारा पुल के पास शनिवार को दिनदहाड़े एक युवक और युवती पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दहशत में हैं।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ऑटो स्टैंड के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर युवक और युवती पर लगातार हमला कर रहा है। सड़क पर भारी भीड़ मौजूद रहने के बावजूद ज्यादातर लोग मदद करने की बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावर काफी आक्रामक दिखाई दे रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना अचानक हुई जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक और युवती सड़क पर गिर पड़े, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि अब तक दोनों घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
इधर, मामले को लेकर बेऊर थाना प्रभारी अफसर हुसैन ने कहा कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है। जबकि स्थानीय लोगों का दावा है कि पुलिस को फोन कर सूचना दी गई थी। पुलिस के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है और राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
फिलहाल वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और हमलावर की पहचान करने की कोशिश में जुटी हुई है। घटना के पीछे आपसी विवाद, प्रेम प्रसंग या किसी पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की पुष्टि नहीं की है।


