
बिहार में अपराधियों के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजधानी के गोपालपुर थाना क्षेत्र में 27 लाख रुपये कैश वैन लूटकांड में शामिल एक आरोपी का मंगलवार सुबह हाफ एनकाउंटर किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट की रकम, महंगे मोबाइल फोन, हथियार और घटना में इस्तेमाल सामान भी बरामद किया है।
गोपालपुर में पुलिस-मुठभेड़
यह कार्रवाई पटना-मसौढ़ी मार्ग स्थित उदयिनी गांव के पास हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी नीतीश कुमार को पकड़ने गई टीम पर उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
13 मई को हुई थी 27 लाख की लूट
13 मई 2026 को CMS कंपनी की कैश वैन से दिनदहाड़े 27 लाख रुपये लूट लिए गए थे। बाइक सवार अपराधियों ने गोपालपुर थाना क्षेत्र में इस वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद कार्तिकेय के शर्मा के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई थी।
CCTV से मिला सुराग, तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पहले सूरज पांडे, आदित्य और रवि कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चौथे आरोपी नीतीश कुमार का नाम सामने आया, जो घटना के बाद से फरार था।
लूट के पैसों से खरीदे गए थे iPhone
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट के 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा लूट की रकम से खरीदे गए चार iPhone, वारदात में इस्तेमाल बाइक, CMS कंपनी की पर्ची, घटना के समय पहने कपड़े और हथियार भी जब्त किए गए हैं।
एसएसपी ने क्या कहा?
कार्तिकेय के शर्मा ने कहा कि पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के जरिए इस मामले का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


