बेगूसराय में सड़क हादसों पर सख्ती, 4 महीने में 110 मौतें; 2.40 करोड़ का जुर्माना वसूला

बिहार के बेगूसराय जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए।

4 महीने में 117 हादसे, 110 लोगों की मौत

बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 में जनवरी से अप्रैल तक जिले के राष्ट्रीय और राज्य उच्च पथों पर कुल 117 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इन हादसों में 110 लोगों की मौत हुई, जबकि 75 लोग घायल हुए हैं। बढ़ते हादसों को देखते हुए प्रशासन ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों यानी ब्लैक स्पॉट पर तुरंत सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

जिले में 36 ब्लैक स्पॉट चिन्हित

प्रशासन ने जिले में कुल 36 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए हैं। इनमें हीरा टोल जीरोमाइल, रघुनाथपुर, सनहा मोड़, लखमिनियां स्टेशन, हर-हर महादेव चौक और देवना चौक प्रमुख हैं। इन स्थानों पर हाई मास्ट लाइट, रम्बल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर और गति सीमा संकेतक लगाए जाएंगे। बताया गया कि NHAI द्वारा 20 और पथ निर्माण विभाग द्वारा 16 ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है।

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों से 2.40 करोड़ की वसूली

बैठक में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। अप्रैल 2026 में हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, फिटनेस और प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग ने ₹1.40 करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूला। वहीं पुलिस और विशेष जांच अभियान के दौरान ₹99 लाख से अधिक की वसूली हुई। कुल मिलाकर एक महीने में ₹2.40 करोड़ से ज्यादा का चालान काटा गया।

जाम और अतिक्रमण पर भी प्रशासन सख्त

NH-55 और NH-31 पर लगने वाले जाम और अतिक्रमण को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। पन्हांस चौक से रजौड़ा तक निर्माणाधीन सर्विस लेन पर धूल नियंत्रण के लिए नियमित जल छिड़काव का निर्देश दिया गया है। वहीं बरौनी जीरोमाइल से रिफाइनरी गेट तक सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों और फ्लाईओवर के नीचे अवैध दुकानों पर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

सड़क हादसा पीड़ितों के इलाज के लिए नई योजना

प्रशासन ने “नकदी रहित उपचार योजना 2025” की भी समीक्षा की। इसके तहत सड़क हादसे में घायल लोगों के इलाज के लिए ₹1.50 लाख तक की राशि सीधे अस्पताल को दी जाएगी। जिले के 44 अस्पतालों को इस योजना से जोड़ा गया है।

हादसे में मदद करने वालों को मिलेगा इनाम

‘गुड समेरिटन योजना’ के तहत सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने वाले नागरिकों को ₹25 हजार तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा प्रशासन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 50 सड़क सुरक्षा ट्रॉलियां तैयार की गई हैं, जिन्हें भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगाया जाएगा ताकि लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके।

  • ये भी पढ़े..

    विक्रमशिला सेतु की सेहत जांचने पहुंचे विशेषज्ञ, एक्सपेंशन ज्वाइंट से लेकर वेंट सिस्टम तक की हुई गहन पड़ताल

    Share Add as a preferred…

    15 जून की आधी रात से बंद होगा बालू खनन, मानसून को लेकर सरकार ने जारी किए सख्त निर्देश

    Share Add as a preferred…