
केंद्र सरकार ने बिहार और झारखंड के बीच रेल संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए गया जिले के परैया से झारखंड के चतरा तक नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। करीब 75.1 किलोमीटर लंबी यह रेल परियोजना क्षेत्रीय विकास, व्यापार और आवागमन के लिए अहम मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत परैया रेलवे स्टेशन से चतरा तक नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा कष्ठा की ओर 4.95 किलोमीटर लंबा वाई (Y) कनेक्शन भी बनाया जाएगा, जिससे ट्रेनों का संचालन अधिक आसान और लचीला हो सकेगा।
रेल मंत्रालय ने इस परियोजना को विशेष रेल परियोजना घोषित करते हुए इसका राजपत्र भी प्रकाशित कर दिया है। अब परियोजना के लिए सर्वे कार्य शुरू किया जाएगा। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के अनुसार, सर्वे पूरा होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। इसी आधार पर नए रेलवे स्टेशन, ट्रैक और अन्य बुनियादी ढांचे की योजना तय होगी।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद परैया रेलवे स्टेशन को जंक्शन के रूप में विकसित किए जाने की संभावना है। इससे गया जिले का रेल नेटवर्क और मजबूत होगा, जबकि झारखंड के चतरा क्षेत्र को भी सीधा लाभ मिलेगा। वाई कनेक्शन बनने से ट्रेनों को चतरा दिशा की ओर आसानी से डायवर्ट किया जा सकेगा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि नई रेल लाइन बनने से बिहार और झारखंड के बीच व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार मिलेगी। साथ ही रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों को बेहतर यात्रा सुविधा मिल सकेगी।


