
केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे बंदी साई भगीरथ को रविवार को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ POCSO एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है।
यह मामला 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की मां की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने शादी का झूठा वादा कर नाबालिग के साथ संबंध बनाए और बाद में उसका शोषण किया।
पुलिस के अनुसार, 8 मई को पेटबशीराबाद पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 74 और 75 के साथ-साथ POCSO एक्ट की धारा 11 और 12 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शुरुआत में आरोपी के पूछताछ के लिए सरेंडर करने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है।
एफआईआर के मुताबिक, आरोपी ने जून 2025 में पीड़िता से संबंध शुरू किए और अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच उस पर दबाव बनाकर शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में यह भी आरोप है कि लड़की को शराब पीने के लिए मजबूर किया गया। परिवार का दावा है कि रिश्ता टूटने के बाद जनवरी में लड़की ने आत्महत्या की कोशिश भी की थी।
दूसरी ओर, आरोपी पक्ष ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। करीमनगर-II टाउन पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लड़की के परिवार ने 5 करोड़ रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर आत्महत्या का दबाव बनाने की धमकी दी।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे को जांच में सहयोग करने और पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा था। उन्होंने यह भी कहा कि कानूनी सलाह के कारण प्रक्रिया में कुछ देरी हुई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


