NEET-UG 2026 पेपर लीक केस: CBI ने मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार

मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने इस पूरे रैकेट के कथित मास्टरमाइंड और रसायन विज्ञान के लेक्चरर पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार कर लिया है। CBI के मुताबिक, कुलकर्णी को राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की परीक्षा प्रक्रिया के दौरान प्रश्नपत्रों तक पहुंच प्राप्त थी और उसी का फायदा उठाकर उसने पेपर लीक की साजिश रची।

पुणे में चलती थी गुप्त कोचिंग क्लास

जांच में खुलासा हुआ है कि अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह में पीवी कुलकर्णी ने सह-आरोपी मनीषा वाघमारे की मदद से कुछ छात्रों को इकट्ठा किया और पुणे स्थित अपने घर पर विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित कीं। आरोप है कि इन कक्षाओं में छात्रों को परीक्षा से पहले ही सवाल और उनके सही जवाब याद करवाए गए।

CBI के अनुसार, छात्रों से प्रश्न, विकल्प और सही उत्तर नोटबुक में हाथ से लिखवाए गए थे। बाद में जांच में पाया गया कि ये सवाल 3 मई 2026 को आयोजित वास्तविक NEET-UG परीक्षा के प्रश्नपत्र से हूबहू मेल खाते थे। इससे यह साफ हो गया कि परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो चुका था।

अब तक सात आरोपी गिरफ्तार

CBI ने इस मामले में अब तक जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से पांच आरोपियों को अदालत में पेश कर सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है।

धनंजय लोखंडे की भूमिका पर बड़ा खुलासा

दिल्ली की विशेष अदालत ने आरोपी धनंजय निवृत्ति लोखंडे को भी छह दिन की CBI हिरासत में भेज दिया है। विशेष CBI न्यायाधीश अजय गुप्ता ने कहा कि मामले में बड़ी साजिश की आशंका है और जांच अभी शुरुआती चरण में है।

CBI के मुताबिक, लोखंडे ने कथित तौर पर लीक प्रश्नपत्र सह-आरोपी शुभम खैरनार को उपलब्ध कराया था। एजेंसी का दावा है कि लोखंडे को यह प्रश्नपत्र पुणे निवासी मनीषा वाघमारे से मिला था। जांच में शुभम और लोखंडे के बीच करीब छह लाख रुपये के बैंक ट्रांजैक्शन का भी पता चला है।

टेलीग्राम के जरिए भेजे गए प्रश्नपत्र

CBI जांच में यह भी सामने आया है कि गुरुग्राम निवासी आरोपी यश यादव को 29 अप्रैल को टेलीग्राम ऐप के जरिए Physics, Chemistry और Biology के प्रश्नपत्रों की पीडीएफ फाइलें भेजी गई थीं। एजेंसी ने इन फाइलों को बरामद कर लिया है और उनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

सरकार ने रद्द की NEET-UG 2026 परीक्षा

देशभर के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को हुई थी। लेकिन पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने 12 मई को परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया। साथ ही मामले की व्यापक जांच के लिए CBI को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

फिलहाल CBI इस संगठित रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और मामले में लगातार छापेमारी व पूछताछ जारी है।

  • ये भी पढ़े..

    Instagram और Facebook अचानक हुए डाउन, दुनियाभर के करोड़ों यूजर्स परेशान; Meta की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान

    Share Add as a preferred…

    आईआरएफसी के सहयोग से बदलेगा बी.आर. सिंह अस्पताल का स्वरूप, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से रेलवे परिवार को मिलेगी नई उम्मीद

    Share Add as a preferred…