
बिहार के Supaul जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गंभीरपुर वार्ड-2 स्थित एनएच-327ई पर हुई, जहां तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान भूरा वार्ड-12 निवासी गजेंन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी के लिए वट सावित्री पूजा का सामान लेकर ससुराल जा रहा था।
पत्नी के लिए खरीदकर ले जा रहा था श्रृंगार का सामान
जानकारी के मुताबिक गजेंन कुमार अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक से राघोपुर थाना क्षेत्र के धरहरा स्थित ससुराल जा रहा था। वह अपनी पत्नी के लिए वट सावित्री व्रत को लेकर चूंदड़ी और श्रृंगार का सामान लेकर निकला था।
इसी दौरान गंभीरपुर के पास सामने से आ रही बंगाल नंबर की तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क पर बिखरा पूजा और श्रृंगार का सामान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिर पड़ा और पिकअप वैन उसे रौंदते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सड़क पर बिखरी चूंदड़ी और श्रृंगार का सामान देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो गए। परिजनों ने बताया कि युवक की शादी एक साल पहले ही हुई थी।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एनएच-327ई जाम कर दिया। लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
पुलिस ने पिकअप वैन जब्त की
सूचना मिलने पर त्रिवेणीगंज थाना अध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया है।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद प्रशासन ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।


