
बांका जिले में एक शादी समारोह उस समय चीख-पुकार में बदल गया, जब साली की शादी में पहुंचे जीजा ने कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। घटना अमरपुर थाना क्षेत्र के बभनगामा गांव की बताई जा रही है।
गंभीर रूप से झुलसे युवक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है, जो रजौन थाना क्षेत्र के भदरार गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सूरज अपनी साली की शादी में शामिल होने गांव पहुंचा था। इसी दौरान अचानक उसने अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गया, जिससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे तुरंत अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूरज की पत्नी के मुताबिक, वह पटना में रहता था और अचानक शादी समारोह में पहुंचा था। परिवार के किसी सदस्य को अब तक यह समझ नहीं आ रहा है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


