
Bihar के Nalanda जिले में संपत्ति विवाद को लेकर बेटे द्वारा अपने ही पिता की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना भागन बिगहा ओपी क्षेत्र के तूफानगंज गांव की है, जहां आरोपी बेटे ने कथित तौर पर पहले पिता का आशीर्वाद लिया और फिर गोली मार दी।
बातचीत के बहाने सुनसान जगह ले गया
मृतक की पहचान बच्चू पासवान के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक बुधवार दोपहर आरोपी बेटा घर पहुंचा और पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
इसके बाद वह बातचीत के बहाने उन्हें गांव के सुनसान इलाके में ले गया, जहां कथित तौर पर सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
अस्पताल में हुई मौत
घायल बच्चू पासवान को तुरंत इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
संपत्ति विवाद बताया जा रहा वजह
मृतक के बेटे जितेंद्र पासवान ने बताया कि परिवार में लंबे समय से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।
परिजनों के अनुसार, बच्चू पासवान की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी से आरोपी पवन पासवान था, जबकि दूसरी पत्नी गुलाबी देवी से दो बेटे और दो बेटियां हैं।
बताया जा रहा है कि संपत्ति बंटवारे में आरोपी को मकान मिला था, जबकि दूसरी पत्नी के हिस्से में जमीन आई थी। इसी बात को लेकर वह नाराज चल रहा था।
पुलिस कर रही छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सदर डीएसपी-2 Sanjay Kumar Jaiswal ने बताया कि शुरुआती जांच में बेटे द्वारा हत्या किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


