
पटना में शुक्रवार को शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 की वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। अभ्यर्थी बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) कार्यालय की ओर मार्च निकाल रहे थे। पुलिस कार्रवाई के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई अभ्यर्थियों के घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में TRE-4 अभ्यर्थी पटना कॉलेज से मार्च निकालकर BPSC कार्यालय की तरफ बढ़ रहे थे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि सरकार जल्द TRE-4 भर्ती की अधिसूचना जारी करे।
मार्च के दौरान जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर अभ्यर्थियों को रोकने की कोशिश की। इसी बीच प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन में हजारों की संख्या में अभ्यर्थी शामिल थे।
लाठीचार्ज के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सड़क पर अभ्यर्थियों के बैग, चप्पल और अन्य सामान बिखरे नजर आए। कई अभ्यर्थियों के घायल होने की बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ छात्रों को दौड़ाकर पीटा गया, जबकि कुछ छात्राओं के साथ धक्का-मुक्की की भी शिकायत सामने आई है।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने पहुंचे थे, लेकिन उनके साथ कठोर व्यवहार किया गया। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले पर आधिकारिक बयान का इंतजार है।


