
बिहार में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की घटनाएं देखने को मिली हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, औरंगाबाद, गया, अरवल, जहानाबाद, भोजपुर और बक्सर जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं वैशाली, नालंदा, सारण और बांका समेत कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक इन जिलों में तेज मेघ गर्जन, वज्रपात, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान घरों में ही रहें और अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की भी अपील की गई है। किसानों को मौसम सामान्य होने तक खेतों में न जाने की सलाह दी गई है।
पिछले कुछ दिनों से बिहार के कई हिस्सों में लगातार बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का दौर जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है। हालांकि बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई जिलों में जान-माल के नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं।


