
बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के तहत मोतिहारी पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। मोतिहारी के छतौनी थाना क्षेत्र में एक होटल में छापेमारी कर शराब पार्टी करते चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं।
यह कार्रवाई मठिया स्थित हर्ष होटल में की गई। जानकारी के अनुसार, अपर थानाध्यक्ष श्रीकांत चौहान को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल के एक कमरे में कुछ लोग शराब पार्टी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात को दी, जिसके बाद तत्काल छापेमारी का निर्देश जारी किया गया।
निर्देश मिलते ही पुलिस टीम ने होटल पहुंचकर छापा मारा। इस दौरान एक कमरे में चार लोग शराब पीते हुए पकड़े गए। सभी को हिरासत में लेकर थाना लाया गया, जहां जांच के दौरान शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने जिस कमरे में शराब पार्टी चल रही थी, उसे सील कर दिया है और वहां से बरामद शराब की बोतलों को जब्त कर लिया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि होटल तक शराब कैसे पहुंची और इसके पीछे किन लोगों की संलिप्तता है।
अपर थानाध्यक्ष श्रीकांत चौहान ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि होटल में पहले भी इस तरह की गतिविधियां होती रही हैं या यह पहली घटना है। यदि किसी संगठित रैकेट की संलिप्तता सामने आती है, तो संबंधित सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस छापेमारी टीम में एसआई अमित कुमार, फिरोज और अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


