
बिहार के सासाराम से बड़ी खबर सामने आई है। शिवसागर थाना क्षेत्र के गिरधरिया गांव में बेखौफ अपराधियों ने दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में 35 वर्षीय पप्पू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भाई वकील सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद कोई नया नहीं है। पिछले महीने 18 अप्रैल को भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। बताया जा रहा है कि नल के पानी और बिजली के तार को लेकर भुवनेश्वर तिवारी और नागेंद्र तिवारी के परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब दो साल पहले भी इस मामले में केस दर्ज हुआ था।
घटना बीती रात की है, जब पप्पू सिंह और उनके भाई वकील सिंह एक तिलक समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पप्पू सिंह की मौत हो गई, जबकि वकील सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।


