
मुंगेर/धरहरा: बिहार के धरहरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात डायल 112 पुलिस टीम पर हमला होने की गंभीर घटना सामने आई है। रात करीब 10:48 बजे ईटवा हाट के पास बसंती मोड़ के समीप पुलिस वाहन को बुलेट सवार दो युवकों ने टक्कर मार दी, जिसके बाद मामला बेकाबू हो गया।
जानकारी के अनुसार, डायल 112 टीम में पीटीसी जवान सुभाष चंद्र कुमार साह, सिपाही दशरथ कुमार चौधरी और महिला सिपाही नीतू कुमारी गश्ती पर थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बुलेट ने पुलिस वाहन के दाहिने हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन का बंपर गार्ड क्षतिग्रस्त हो गया।
टक्कर के बाद बढ़ा विवाद, बुलाए गए 25–35 लोग
टक्कर के बाद जब पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की, तो दोनों युवक आक्रामक हो गए और गाली-गलौज व धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद एक युवक ने मोबाइल फोन से अपने साथियों को बुला लिया, जिसके बाद 25 से 35 लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम को घेर लिया।
पुलिस के अनुसार, भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, हथियार छीनने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान महिला सिपाही के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की भी बात सामने आई है।
पुलिस की कार्रवाई, वाहन और मोबाइल बरामद
घटना के बाद पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। मौके से एक हमलावर का मोबाइल फोन बरामद किया गया और बुलेट मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया। ग्रामीणों के जुटने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, हालांकि तब तक स्थिति सामान्य हो चुकी थी।
केस दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पीटीसी सुभाष चंद्र कुमार के आवेदन पर अज्ञात बुलेट सवार युवक और 25–35 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
धरहरा की प्रभारी थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।


