
बिहार के बेगूसराय जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित देह व्यापार नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। नगर थाना क्षेत्र के सुभाष चौक स्थित एक होटल में छापेमारी के दौरान एक महिला को ग्राहक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। इस दौरान एक ग्राहक और होटल स्टाफ को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के एक होटल में बाहर से महिलाओं को बुलाकर अवैध गतिविधियां कराई जा रही हैं। सूचना के आधार पर टीम गठित कर होटल गणपति में एक साथ कई कमरों की तलाशी ली गई। इसी दौरान पश्चिम बंगाल की रहने वाली 25 वर्षीय महिला को एक ग्राहक के साथ पकड़ा गया। मौके से होटल स्टाफ को भी हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि महिला पिछले करीब एक साल से इस अवैध धंधे में शामिल थी। उसने बताया कि शुरुआत में सोशल मीडिया के जरिए एक महिला ने उससे संपर्क किया था। पहले महंगे गिफ्ट और मोबाइल देकर भरोसा जीता गया, फिर धीरे-धीरे उसे इस नेटवर्क में शामिल कर लिया गया।
जांच में महिला की निजी जिंदगी से जुड़े कई पहलू भी सामने आए। उसने बताया कि उसकी पहली शादी पश्चिम बंगाल में हुई थी, जिससे उसका एक बच्चा है। बाद में वह अपने पहले पति को छोड़कर पटना में एक युवक के साथ रहने लगी और उससे शादी कर ली। आर्थिक तंगी और बढ़ते खर्चों के कारण वह नौकरी की तलाश में भटकती रही और इसी दौरान गलत संगत में फंस गई।
पुलिस को महिला के मोबाइल फोन से कई अहम सुराग मिले हैं। व्हाट्सएप चैट में कई युवतियों की तस्वीरें और ग्राहकों से बातचीत के सबूत मिले हैं। आरोप है कि वह खुद के साथ-साथ अन्य लड़कियों की भी सप्लाई करती थी, जिससे इस मामले के एक बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
मामले का एक और चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया जब महिला ने अपने दूसरे पति को फोन कर पूरी जानकारी दी। पति जब बेगूसराय पहुंचा तो वह इस सच्चाई को जानकर हैरान रह गया।
नगर थाना के प्रभारी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि होटल में कई अनियमितताएं पाई गई हैं, खासकर रजिस्टर में एंट्री को लेकर। पुलिस ने मानव तस्करी और अवैध गतिविधियों से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर महिला, ग्राहक और होटल स्टाफ को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। खास तौर पर उस महिला की तलाश की जा रही है, जिसने सोशल मीडिया के जरिए पीड़िता को इस धंधे में धकेला था। साथ ही होटल मालिक और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


