
बिहार के सारण जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। दिघवारा थाना क्षेत्र के मानुपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ही गांव के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों में एक बुजुर्ग महिला भी शामिल हैं। सभी मृतक अवतारनगर थाना क्षेत्र के झौवां बसंत गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो मानुपुर गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
एक ही गांव के तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही झौवां बसंत गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।


