कटिहार में ठनका गिरने से 3 लोगों की मौत, आंधी-बारिश के बीच दर्दनाक हादसा

कटिहार जिले में भीषण गर्मी के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-बारिश के साथ ठनका गिरने की घटनाएं सामने आईं। इस हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, अलग-अलग स्थानों पर हुई इन घटनाओं में आजमनगर, कोढ़ा और सेमापुर क्षेत्र के तीन लोगों की जान चली गई।

आजमनगर प्रखंड के शीतलमनी पंचायत निवासी 65 वर्षीय मो. अब्बास की मौत उस समय हो गई जब वे मवेशी को लाने के लिए बहियार गए थे। इसी दौरान उन पर आकाशीय बिजली गिर गई।

वहीं कोढ़ा प्रखंड के चंदवा पंचायत स्थित खुदना गांव के 27 वर्षीय मंगलेश कुमार की भी ठनका गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी डोली देवी, तीन बेटियों और एक बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।

तीसरी घटना सेमापुर थाना क्षेत्र के इस्लामपुर सुखासन गांव में हुई, जहां 45 वर्षीय अकमल हुसैन की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे मक्का की कटाई के बाद खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक तेज बारिश और आंधी के साथ ठनका गिरा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गांवों में मातम, प्रशासन मौके पर पहुंचा

इन घटनाओं के बाद तीनों गांवों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर न निकलें और आंधी-बारिश के समय सुरक्षित स्थान पर रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


 

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर और कहलगांव की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का मुद्दा लोकसभा में उठा, सांसद अजय मंडल ने केंद्र से मांगी जानकारी

    Share Add as a preferred…

    बांकीपुर उपचुनाव से पहले वायरल VIDEO ने बढ़ाई सियासी हलचल! ‘RJD कार्यकर्ता’ ने सड़क पर उतारा हरा गमछा, मंत्री रामकृपाल यादव की मौजूदगी में भगवा गमछा पहने

    Share Add as a preferred…