
बिहार के जमुई जिले में वसूली के गंभीर आरोपों के बाद तीन होमगार्ड जवानों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामला सोनो थाना क्षेत्र के डुमरी चेकपोस्ट का है, जहां उत्पाद विभाग द्वारा झारखंड और बंगाल से आने-जाने वाले वाहनों की जांच के लिए चेकपोस्ट बनाया गया है।
जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल की रात ड्यूटी पर तैनात तीन होमगार्ड जवानों ने वाहन सवार लोगों से जबरन पैसे वसूले। झारखंड के गिरिडीह जिले के शास्त्री नगर निवासी श्याम सुंदर यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनसे 15,000 रुपये की अवैध वसूली की गई।
पीड़ित अपने पांच साथियों के साथ स्कार्पियो से जमुई के महादेव सिमरिया में एक तिलक समारोह में जा रहे थे। इसी दौरान डुमरी चेकपोस्ट पर वाहन रोककर उन्हें नीचे उतारा गया और 20,000 रुपये की मांग की गई। आरोप है कि पैसे न देने पर जेल भेजने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित के अनुसार, एक जवान सूर्यमणि कुमार ने स्कैनर के जरिए 9,500 रुपये की ऑनलाइन वसूली भी की।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए जमुई पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें तीनों जवानों की संलिप्तता स्पष्ट पाई गई।
उन्होंने बताया कि जांच के बाद होमगार्ड जवान सूर्यमणि कुमार, आशीष कुमार सिंह और नवीन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
एसपी के अनुसार, पूछताछ में एक आरोपी ने UPI के जरिए पैसे मंगाने की बात स्वीकार की है, हालांकि तीनों की संलिप्तता जांच में साबित हुई।
एक अन्य मामले में भी कार्रवाई
इसी दौरान एक अलग मामले में उत्पाद पुलिस के दो एएसआई और दो होमगार्ड जवानों पर अपहरण और 1.5 लाख रुपये फिरौती लेने का आरोप लगा था। शिकायत के बाद पुलिस ने नवादा जिले के पकरीबरावां से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।


