
राजधानी पटना में नई रेल लाइन बिछाने का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। नेउरा से जट डुमरी के बीच बन रही इस नई रेल परियोजना का काम लगभग 95 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है और जल्द ही इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन शुरू होने की उम्मीद है।
यह रेल लाइन करीब 18.2 किलोमीटर लंबी है। परियोजना के पूरा होने के बाद पटना और आसपास के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। फिलहाल इस प्रोजेक्ट में लगभग 95 प्रतिशत विद्युतीकरण का काम भी पूरा हो चुका है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, अगले महीने रेलवे सेफ्टी कमिश्नर की टीम इस पूरे रेलखंड का निरीक्षण करेगी। यदि निरीक्षण के दौरान सब कुछ मानकों के अनुसार पाया गया, तो जून महीने से इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा सकता है।
इस नई रेल लाइन के शुरू होने से यात्रियों को यात्रा समय में काफी बचत होगी। साथ ही बिहटा, दानापुर और मनेर क्षेत्र के लोगों को गयाजी रूट की यात्रा में अधिक सुविधा मिलेगी। इसके अलावा राजगीर, दनियावां और बिहटा जैसे रूटों के लिए भी पैसेंजर ट्रेन सेवाएं बेहतर होंगी।
पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल नेउरा स्टेशन के पास नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य चल रहा है, जिसे जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि परिचालन शुरू किया जा सके।
जानकारी के मुताबिक, जट डुमरी जंक्शन पर हावड़ा और गया रूट की कुछ ट्रेनों को शिफ्ट करने की भी योजना है। साथ ही गया से पटना आने वाली ट्रेनों का ठहराव भी जट डुमरी जंक्शन पर दिए जाने की संभावना है, जिससे यात्रियों को और अधिक सुविधा मिलेगी।


