
बिहार के बेगूसराय में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जिला मुख्यालय के सुभाष चौक स्थित होटल में छापेमारी कर पुलिस ने एक महिला, एक ग्राहक और होटल स्टाफ को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल में बिना रजिस्टर मेंटेन किए बाहरी महिलाओं को बुलाकर अवैध गतिविधियां कराई जा रही हैं। इसके बाद सदर एसडीओ अनिल कुमार और डीएसपी आनंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में टीम ने होटल के करीब 20 कमरों की तलाशी ली। छापेमारी के दौरान एक महिला को ग्राहक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। मामले में अनैतिक व्यापार और मानव तस्करी से जुड़ी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि बेहतर जीवनशैली और महंगे शौक पूरे करने की चाहत में वह इस नेटवर्क में शामिल हुई। नौकरी की तलाश के दौरान सोशल मीडिया पर एक महिला के संपर्क में आने के बाद उसे इस धंधे में धकेल दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि महिला न केवल खुद इस अवैध गतिविधि में शामिल थी, बल्कि अन्य लड़कियों को भी ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करती थी। उसके मोबाइल फोन से कई संदिग्ध चैट और लड़कियों की तस्वीरें बरामद हुई हैं, जिनका इस्तेमाल ग्राहकों को भेजने में किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क के पीछे अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है। फिलहाल होटल संचालक और गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर सख्त सजा का प्रावधान है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का खुलासा होने की उम्मीद है।


