
मोतिहारी में जहरीली शराब से हुई पांच लोगों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है और मुजफ्फरपुर पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। लगातार हो रही छापेमारी से शराब माफियाओं में खौफ का माहौल देखा जा रहा है।
इसी क्रम में मनियारी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक पिकअप और दो स्कॉर्पियो गाड़ियों से करीब 1400 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक शराब कारोबारी को भी गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत गया है कि अब अवैध कारोबार करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं, बरियारपुर थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए अवैध शराब के अड्डों पर छापेमारी की। थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में कई ठिकानों को चिन्हित कर दर्जनों भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही सैकड़ों लीटर अर्धनिर्मित शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस दौरान करीब 15 लीटर चुलाई शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद इलाके में शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सख्ती से अवैध धंधे पर बड़ी चोट पहुंची है।
मामले पर वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बिहार में लागू मध्य निषेध कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।


