पटना में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन कल, बिजली बिल बढ़ोतरी और LPG संकट पर सरकार को घेरने की तैयारी

बिहार में बढ़ती महंगाई और बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस पार्टी कल पटना में बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में दोपहर 1:15 बजे इनकम टैक्स गोलंबर पर आयोजित होगा।

कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करेंगे और प्रधानमंत्री का पुतला दहन भी करेंगे। इससे पहले पार्टी ने पूरे राज्य के विभिन्न प्रखंडों में भी विरोध प्रदर्शन कर अपनी सक्रियता दिखाई थी।

राजेश राम ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 1 अप्रैल से बिहार में बिजली दरों में बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। साथ ही, एलपीजी की बढ़ती कीमतों को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले LPG का मतलब ‘Liquefied Petroleum Gas’ होता था, लेकिन अब यह ‘ले पाओगे’ बन गया है।

उन्होंने नीतीश कुमार और भाजपा पर आरोप लगाया कि उन्होंने गरीब कल्याण के अपने वादों से किनारा कर लिया है। उनके मुताबिक, चुनाव के दौरान किए गए वादे, जैसे घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देना, अब वापस ले लिए गए हैं।

राजेश राम ने दावा किया कि सरकार अब घरेलू उपभोक्ताओं से करीब 10% और व्यावसायिक उपभोक्ताओं से 20% तक अतिरिक्त शुल्क वसूल रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और यह प्रदर्शन उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।

कांग्रेस का यह आंदोलन सरकार के फैसलों के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के साथ-साथ जनता के हितों की रक्षा के लिए एक राजनीतिक संघर्ष के रूप में देखा जा रहा है। पटना का इनकम टैक्स गोलंबर इस विरोध प्रदर्शन का केंद्र बनेगा, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है।


 

  • ये भी पढ़े..

    पटना में ‘जॉब माफिया’ का बड़ा खेल बेनकाब! बैंकिंग परीक्षा पास कराने और सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, 5 गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    PMCH में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का औचक निरीक्षण, नर्सिंग सेवा पर मिली शिकायत तो मौके पर लगाई फटकार

    Share Add as a preferred…