
पटना: हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बिहार और देश को लेकर हाल में दिए जा रहे बयानों पर कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव द्वारा बिहार पर टिप्पणियाँ और राहुल गांधी का विदेश में भारत के खिलाफ बयान दोनों ही नकारात्मक और गैर-जिम्मेदाराना राजनीति का परिणाम हैं।
देश और बिहार की प्रगति को ठेस पहुँचाने का आरोप
डॉ. सुमन ने बताया कि देश आज विकास की नई गाथा लिख रहा है, वैश्विक मंच पर भारत की साख मजबूत हुई है, आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है और आमजन के जीवन स्तर में सुधार आया है। वहीं बिहार भी शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था में निरंतर प्रगति कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं की राजनीतिक असफलताओं ने उन्हें व्यथित और कुंठित कर दिया है, और वे अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए देश और बिहार की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
जनता को ठगने की राजनीति नहीं चलेगी
डॉ. सुमन ने कहा, “जब जनता बार-बार अवसर देने के बावजूद किसी नेतृत्व को नकार देती है, तो इस तरह की नकारात्मक बयानबाजी करना उनकी मानसिकता को दर्शाता है।” उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार और देश की जागरूक जनता इस भ्रामक और निराशावादी राजनीति को समझती है और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।


