दरभंगा के युवक की रील बनाने के दौरान दर्दनाक मौत, चलती ट्रेन से गिरकर गई जान

दिल्ली से घर लौट रहा था 17 वर्षीय विवेक, ढोली स्टेशन के पास सिग्नल पोल से टकराने के बाद हादसा

सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का जुनून एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। बिहार के दरभंगा जिले के एक 17 वर्षीय युवक की चलती ट्रेन में रील बनाते समय दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा मुजफ्फरपुर के ढोली स्टेशन के पास हुआ, जहां युवक सिग्नल पोल से टकराकर ट्रेन से नीचे गिर गया।

मृतक की पहचान दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के मोहमदपुर टेकतार गांव निवासी विवेक कुमार (17) के रूप में हुई है। वह दिल्ली से बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन से अपने घर लौट रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान विवेक ट्रेन के गेट पर खड़ा होकर मोबाइल फोन से रील बना रहा था। बताया जा रहा है कि वह ट्रेन के पायदान पर एक हाथ से लटककर वीडियो शूट कर रहा था। इसी दौरान ढोली स्टेशन के पास अचानक सामने आए सिग्नल पोल से वह टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि वह संतुलन खो बैठा और ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के वक्त उसके साथ सफर कर रहे दोस्तों ने तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ यात्रियों ने उसे सिग्नल पोल से बचने के लिए आवाज भी लगाई थी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। टक्कर के बाद युवक कुछ दूरी तक गिरते हुए घसीटता चला गया।

सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तलाशी के दौरान युवक की जेब से जनरल टिकट बरामद हुआ, जिससे यह पुष्टि हुई कि वह दिल्ली से दरभंगा की यात्रा कर रहा था।

जीआरपी थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि युवक की मौत चलती ट्रेन में रील बनाने के दौरान गिरने से हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों और रिश्तेदारों ने बताया कि विवेक को सोशल मीडिया पर रील बनाने का काफी शौक था और वह अक्सर इस तरह के वीडियो बनाता रहता था।

यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि सोशल मीडिया के लिए खतरनाक स्टंट करना कितना जानलेवा साबित हो सकता है। जरा सी लापरवाही जिंदगी छीन सकती है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में उच्च शिक्षा सुधार की बड़ी पहल, राजभवन में हुई उच्चस्तरीय बैठक; विश्वविद्यालयों के लिए कई अहम फैसले

    Share Add as a preferred…

    रेलवे अधिनियम में बड़ा बदलाव, बिना टिकट यात्रा और नियम तोड़ने पर अब लगेगा भारी जुर्माना

    Share Add as a preferred…