पटना: बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। इसी बीच मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने विधानसभा पहुंचकर मतदान किया और मीडिया से बातचीत के दौरान कई राजनीतिक बयान दिए। इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि एनडीए सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज करेगा।
अनंत सिंह, जिन्हें राजनीतिक हलकों में ‘छोटे सरकार’ के नाम से भी जाना जाता है, अदालत की अनुमति के बाद जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच विधानसभा पहुंचे थे। यहां उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
तेजस्वी यादव पर कसा तंज
मीडिया से बातचीत के दौरान जब अनंत सिंह से विपक्ष के दावे को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “हम लोग पांच सीट जीतेंगे और वो लोग 10 गो सीट जीत जाएंगे।” उनके इस बयान को तेजस्वी यादव पर तंज के रूप में देखा जा रहा है।
दरअसल बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए मतदान हो रहा है और इन सीटों पर छह उम्मीदवार मैदान में हैं। एनडीए का दावा है कि सभी पांच सीटें उनके खाते में जाएंगी, जबकि महागठबंधन भी एक सीट जीतने का दावा कर रहा है।
सीएम नीतीश को लेकर दिया बड़ा बयान
अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जो निर्णय लेंगे, वही होगा। उनके अनुसार राज्य की राजनीति में नीतीश कुमार की भूमिका सबसे अहम है और भविष्य में भी वही नेतृत्व करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर मुख्यमंत्री दिल्ली जाते हैं तो वह भी उनके साथ दिल्ली जाएंगे। हालांकि यह बयान उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में दिया।
अगले मुख्यमंत्री को लेकर भी बोले
जब उनसे बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री हैं और आगे भी वही रहेंगे। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि भविष्य के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी और पार्टी नेतृत्व ही इस पर फैसला करेगा।
विधानसभा पहुंचकर किया मतदान
राज्यसभा चुनाव के लिए अनंत सिंह विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच विधानसभा पहुंचे थे। मतदान प्रक्रिया से पहले उन्हें प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई, जिसके बाद उन्होंने अपना वोट डाला।
मतदान के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की और फिर सुरक्षा बलों की निगरानी में वापस जेल भेज दिया गया।
बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है और विभिन्न दल अपने-अपने दावे कर रहे हैं। ऐसे में नेताओं के बयान भी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं।


